सोनभद्र में स्नातक के 21 और शिक्षक के 13 मतदेय स्थल प्रस्तावित

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में दो सहायक मतदेय स्थल प्रस्तावित, पांच मतदेय स्थलों के नामों में संशोधन


सोनभद्र,। वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रस्तावित मतदेय स्थलों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, सहायक मतदेय स्थल बनाए जाने तथा पूर्व अधिसूचित मतदेय स्थलों के नामों में संशोधन के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के दो मतदेय स्थलों पर 1400 से अधिक मतदाता होने के कारण उसी मतदान केन्द्र पर एक-एक सहायक मतदेय स्थल प्रस्तावित किया गया है। रॉबर्ट्सगंज स्थित राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज के मतदेय स्थल संख्या-250 के साथ 250-अ तथा दुद्धी विकास खण्ड कार्यालय के मतदेय स्थल संख्या-258 के साथ 258-अ सहायक मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।
वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के किसी भी मतदेय स्थल पर 1400 से अधिक मतदाता नहीं होने के कारण कोई सहायक मतदेय स्थल प्रस्तावित नहीं किया गया है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तीन तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के दो मतदेय स्थलों के नामों में आवश्यक संशोधन किया गया है।
संशोधित प्रस्ताव के अनुसार सोनभद्र में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 16 मतदान केन्द्रों पर कुल 21 मतदेय स्थल, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 13 मतदान केन्द्रों पर 13 मतदेय स्थल स्थापित होंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं पदनामित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को सभी प्रस्तावित मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्ष, पेयजल, प्रकाश, शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में 16,386 तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में 1,543 मतदाता दर्ज हैं। पात्र व्यक्ति, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, 29 सितम्बर 2026 से पूर्व फार्म-18 एवं फार्म-19 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। राजनीतिक दलों अथवा संगठनों द्वारा बल्क में फार्म जमा नहीं कराए जाएंगे।
बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर उपस्थित प्रतिनिधियों ने आम सहमति व्यक्त की।

ये भी पढ़िए