हाथीनाला पुलिस ने मुनादी कर धारा 84 बीएनएसएस के तहत कराया तामीला, गिरफ्तारी के लिए हैदराबाद पुलिस को दी हुकुमी तहरीर
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हाथीनाला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय से जारी उद्घोषणा का तामीला कराया। पुलिस टीम ने अभियुक्त के निवास स्थान पर मुनादी कराते हुए न्यायालय की उद्घोषणा को घर के मुख्य द्वार समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नियमानुसार चस्पा किया।

पुलिस के अनुसार थाना हाथीनाला में दर्ज धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के मामले में वाहन स्वामी अब्दुल कलीम उर्फ अब्दुल करीम पुत्र मोहम्मद जलाल, निवासी भवानी नगर, तालाब कट्टा, चारमीनार, थाना भवानी नगर, कमिश्नरेट हैदराबाद वांछित है। अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय द्वारा धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा जारी की गई थी।
बुधवार को विवेचक/थानाध्यक्ष हाथीनाला विनोद कुमार यादव मय हमराह पुलिस बल स्थानीय पुलिस के सहयोग से अभियुक्त के बताए गए पते पर पहुंचे। वहां मुनादी कराकर न्यायालय की उद्घोषणा को अभियुक्त के घर के मुख्य द्वार एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कराया गया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए धारा 55 बीएनएसएस के अंतर्गत थाना भवानीनगर, कमिश्नरेट हैदराबाद में हुकुमी तहरीर भी दी गई है। पुलिस द्वारा फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

