महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति किया जागरूक, साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
सोनभद्र,। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिला एवं बाल हिंसा, साक्षरता और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति टीमों ने बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय और महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी। साथ ही आपात स्थिति में पुलिस और अन्य सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल और लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस टीमों ने लोगों से स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या अन्य संवेदनशील विवरण साझा न करें।
जरूरत पड़ने पर इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क
112 – आपातकालीन सेवा
1090/1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन
181 – महिला हेल्पलाइन
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
सोनभद्र पुलिस ने अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही आमजन से भी महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक होकर सहयोग करने की अपील की।

