ओपेन जिम, दो एम्बुलेंस, दो सीसी रोड और कस्तूरबा विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए एमओयू
सोनभद्र,। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में एनसीएल सिंगरौली एवं जनपद के संबंधित विभागों के बीच सीएसआर के तहत विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं के लिए एमओयू हस्तांतरित किए गए। कुल ₹426.83 लाख यानी करीब ₹4.27 करोड़ की लागत से होने वाले इन कार्यों से स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और जनसुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
एमओयू के तहत बढ़ौली चौराहे के पास ₹96.82 लाख की लागत से ओपेन जिम का निर्माण कराया जाएगा। वहीं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए ₹66 लाख की लागत से दो एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा चतरा ब्लॉक में सेहुआं हनुमान मंदिर से अम्बेडकर हरिजन बस्ती तक ₹98.25 लाख तथा करमा ब्लॉक में खुटहनियां बरबसपुर रोड से दूबे बगीचा तक ₹95.72 लाख की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत के लिए ₹70.04 लाख की परियोजना भी स्वीकृत की गई है।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने कार्यों की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 9 सितम्बर को हुई सीएसआर बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में एनसीएल सिंगरौली के महाप्रबंधक के साथ विस्तृत चर्चा की गई है। डीपीआर तैयार करने अथवा अन्य किसी समस्या के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभाग उद्यमी मित्र के माध्यम से एनसीएल से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से सीएसआर परियोजनाओं को धरातल पर उतारें, ताकि इनका अधिक से अधिक लाभ आमजन को मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, उपायुक्त उद्योग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डिप्टी सीएमओ, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज सहित एनसीएल सिंगरौली के महाप्रबंधक राजीव रंजन, सीएसआर हेड राजाराम यादव, उद्यमी मित्र एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

