उड़ीसा से सोनभद्र पहुंचा 50 किलो 500 ग्राम गांजा, बभनी पुलिस ने तस्कर को दबोचा

बभनी, सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बभनी पुलिस और एएनटीएफ गाजीपुर की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने रविवार को थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से 50 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 02 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन के जरिए भारी मात्रा में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना पर बभनी पुलिस और एएनटीएफ गाजीपुर की संयुक्त टीम ने थाना क्षेत्र स्थित आदिवासी आश्रम के पास सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान शाम करीब 6:39 बजे संदिग्ध पिकअप वाहन संख्या UP73AT0265 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 50 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद होने पर चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

उड़ीसा से गांजा लाकर करता था सप्लाई

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पवन पाल पुत्र अवध नारायण पाल, निवासी गोहानी कलां, थाना चरवा, जनपद कौशाम्बी, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लाकर प्रयागराज, कौशाम्बी और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था।

तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस अब इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके पीछे सक्रिय लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का प्रयास है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा कर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने बरामद 50 किलो 500 ग्राम गांजा और पिकअप वाहन को सीज कर दिया है। मामले में थाना बभनी में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।

कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम में एएनटीएफ गाजीपुर के प्रभारी उपनिरीक्षक आदित्य नारायण सिंह मय टीम तथा थाना बभनी के उपनिरीक्षक मक्खन लाल मय टीम शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

ये भी पढ़िए