सोनभद्र : महुआंव पांडेय में तीन दिन पूर्व गला दबाकर युवती आरती की हत्या के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने उनकी मर्जी के खिलाफ जाकर शादी की जिद पर अड़ने के चलते बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी थी।
पुलिस को गुमराह करने के लिए गांव के ही दो युवकों के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच के बाद दोनों को शुकवार को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। दंपती पूर्व में हत्या के एक मामले में लगभग दो वर्ष से जमानत पर थे। महुआंव पांडेय गांव में सोमवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में युवती आरती का शव उसके घर (मड़हा) में मिला था। प्रभारी निरीक्षक विनोद यादव ने बताया कि इस प्रकरण में जांच पड़ताल के बाद सामने आया कि आरती की हत्या हुई थी। इसमें उसके माता-पिता का ही पूरी तरह से हाथ है।
शुक्रवार की शाम इंस्पेक्टर ने बताया कि इस प्रकरण में सामने आया कि आरोपित माता कृष्णावती, पिता राम लखन उर्फ रवि उर्फ बाठे ने पुत्री को उसके घर से लगभग 400 मीटर की दूरी पर स्थित पाही से पकड़ कर रविवार की रात ले आए। फिर सोमवार की भोर में दुपट्टे के सहारे उसका गला घोंटकर मार दिया। उसके बाद भोर मे जहां घर में रहते हैं, बिस्तर पर शव को लेटा दिया। इस मामले में दोनों ने घटना की दिशा बदलने के लिए शक दूसरे पर जाए लिहाजा कुछ युवकों का नाम बता दिया। इससे वो युवक पुलिस की पकड़ में हो जाए। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों माता-पिता का चालान कर दिया।

