जयमोहनी के जंगल में बिछा था मौत का जाल! करंट से नीलगाय का शिकार, शिकारी गिरफ्तार

(मदन मोहन)चंदौली। काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर के अंतर्गत जयमोहनी रेंज में वन विभाग की टीम ने अवैध शिकार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिजली का करंट प्रवाहित कर वन्यजीवों का शिकार करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से करंट की चपेट में आकर मृत एक नीलगाय भी बरामद हुई। वन विभाग ने नीलगाय का पोस्टमार्टम कराने के बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार करा दिया।
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5:30 बजे सूचना मिली कि भैसौड़ा कंपार्टमेंट संख्या-18 के हरियाबांध बीट क्षेत्र में शिकार की नीयत से जंगल में बिजली के नंगे तार बिछाए जा रहे हैं। सूचना पर जयमोहनी और पोस्ता क्षेत्र में गश्त कर रही वन टीमों को तत्काल अलर्ट किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर मौके पर करंट प्रवाहित कर रहे मुरारी यादव निवासी उदितपुर सुर्रा, थाना नौगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान घटनास्थल से एक नीलगाय मृत अवस्था में मिली। बताया गया कि बिजली के करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हुई थी। वन विभाग की टीम शव को जयमोहनी रेंज कार्यालय लेकर पहुंची, जहां पशुपालन विभाग की मोबाइल एंबुलेंस और पशु चिकित्सक की टीम को बुलाया गया। चिकित्सक की देखरेख में नीलगाय का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद विभागीय नियमों के तहत उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
वन विभाग के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में अन्य शिकारियों के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने कहा कि वन्यजीवों के अवैध शिकार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों और आम नागरिकों से अपील की कि जंगल में बिजली के तार बिछाने, अवैध शिकार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

ये भी पढ़िए