सोनभद्र,। जल, नदियों और पर्यावरण संरक्षण को लेकर युवाओं एवं विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला गंगा समिति, सोनभद्र के तत्वावधान में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, राबर्ट्सगंज में ‘नदी, जल एवं पर्यावरण संरक्षण’ विषय पर कार्यशाला, संवाद एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी को जरूरी बताते हुए युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपन्न हुआ। संचालन कॉलेज के व्याख्याता श्याम नारायण कुशवाहा ने किया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से जल एवं नदियों के संरक्षण के प्रति सजग रहने और अधिक से अधिक पौधरोपण कर प्रकृति की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
नदी से लेकर जैव विविधता तक हुई चर्चा
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, विशेषज्ञों एवं पर्यावरणविदों ने नदी संरक्षण, जल संसाधन प्रबंधन, जैव विविधता, वृक्षारोपण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अमित गौरव, जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र कुमार गौतम, सोशल एक्टिविस्ट कविता यादव, कैमूर वन्यजीव प्रभाग के फॉरेस्टर यादवेंद्र मिश्रा एवं वाइल्डलाइफ गार्ड अभिनीत सिंह, सोनभद्र वन प्रभाग राबर्ट्सगंज रेंज के वन दरोगा चंदन सिंह एवं फॉरेस्टर बबुआ यादव सहित अन्य अधिकारी एवं पर्यावरणविद मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला पर्यावरण समिति के प्रमोद, नगर पालिका परिषद के संत कुमार एवं पवन कुमार, माई भारत (MY Bharat) के प्रतिनिधि अनमोल सोनी एवं राहुल तथा जिला गंगा समिति के गंगा वॉलंटियर अभिषेक यादव समेत अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जल, जंगल और जमीन का संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण को व्यापक जन-आंदोलन का रूप दिया जा सकता है।

