भरकवाह के पास हादसे से दोनों तरफ वाहनों की कतार, घंटों ठप रहा आवागमन; क्रेन से हटाया जा रहा ट्रक
(अशोक कुमार सिंह)करमा, सोनभद्र। करमा थाना क्षेत्र के भरकवाह गांव के समीप तेज बारिश के दौरान राखड़ लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर राखड़ फैलने और ट्रक के बीच मार्ग में पलटने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते करीब पांच किलोमीटर तक जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि दोपहर के समय तेज बारिश के दौरान राबर्ट्सगंज की ओर से आ रहा राखड़ लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया और दोनों दिशाओं में जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुट गई। क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को सड़क से हटाने का काम शुरू कराया गया। खबर लिखे जाने तक मार्ग पूरी तरह से साफ नहीं हो सका था और वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। प्रशासन की ओर से जल्द से जल्द सड़क खाली कराकर यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया जा रहा था।

