स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और गांवों में पहुंची पुलिस, आत्मरक्षा से लेकर साइबर अपराध तक दी अहम जानकारी
सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को नई मजबूती देने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत पूरे जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों की मिशन शक्ति टीमों ने गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचकर महिलाओं, छात्राओं एवं आम नागरिकों को सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकार, हेल्पलाइन सेवाओं तथा आपातकालीन सहायता की विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके साथ ही पुलिस ने समाज में व्याप्त बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध हिंसा, लैंगिक शोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे गंभीर विषयों पर लोगों को जागरूक करते हुए सामाजिक भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया।
साइबर अपराधों में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए मिशन शक्ति टीमों ने लोगों को फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी, बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी लिंक और ओटीपी साझा न करने के प्रति भी सतर्क किया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 112 – आपातकालीन सेवा 1090/1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181 – महिला हेल्पलाइन, 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सोनभद्र पुलिस का संदेश: “सुरक्षित महिला, सशक्त समाज” — महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

