सोनभद्र : पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 442.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 1करोड़ 10 लाख रुपए बताई जा रही है।पुलिस ने इस मामले में दो अंतर्राज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि एसओजी और थाना हाथीनाला पुलिस की संयुक्त टीम सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। 11 जनवरी को चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से आ रहे एक आयशर डीसीएम वाहन (संख्या TG-13-T-1226) में शीशे के बीच अवैध गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है।
इस सूचना पर पुलिस टीम ने थाना हाथीनाला क्षेत्र के हथवानी मोड़ पर घेराबंदी की। रेनुकूट की ओर से आ रहे उक्त वाहन को रुकने का इशारा किया गया।वाहन रुकते ही उसमें सवार व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।दोनों अभियुक्तों की पहचान जावेद बाबूलाल महबूब शेख और इस्माइल हजरत जमादार के रूप में हुई है।ये दोनों महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।

वाहन की तलाशी लेने पर शीशे की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई 19 प्लास्टिक बोरियों में कुल 442.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ रूपया बताई गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि गांजे को शीशे की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था।उन्होंने बताया कि वाहन को पहले हैदराबाद से वारदाना(खाली बोरे) लोड कर भुवनेश्वर भेजा गया था।
3 जनवरी को वाहन खाली होने के बाद, गाड़ी मालिक के निर्देश पर इसे भुवनेश्वर से आगे खुर्दा स्थित मदीना होटल पर रुकने को कहा गया। 6 जनवरी को एक अन्य व्यक्ति वाहन लेकर आया और बताया कि शीशे के साथ अन्य सामान भी लोड है।शीशे की बिल्टी देकर उन्हें फिरोजाबाद के लिए रवाना किया गया।
8 जनवरी की रात को फोन से बताया गया कि आगरा के बाद फिरोजाबाद जाना है। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि गांजे का भुगतान आमतौर पर ऑनलाइन किया जाता था,हालांकि कभी-कभी नकद भी दिया जाता था।फिलहाल पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना हाथीनाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

