सोनभद्र : पुलिस ने देशी शराब की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को 14 जनवरी 2026 को पकरहट गांव के पास से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, ये तीनों 10/11 जनवरी 2026 की रात पकरहट स्थित देशी शराब और बीयर की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिए थे।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ऑपरेशन के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर व प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र के निर्देशन में उपनिरीक्षक शिवबदन यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी।
मुखबिर ने बताया कि तीन संदिग्ध व्यक्ति पकरहट गांव में नहर के रास्ते से सिकरिया गांव की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि 10/11 जनवरी 2026 की रात करीब 12 बजे उन्होंने पकरहट स्थित देशी शराब और बीयर की दुकान में चोरी की थी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे आज फिर से रेकी कर चोरी करने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साहिद पुत्र स्व० शमिम (निवासी पगिया, थाना करमा, सोनभद्र), ओमप्रकाश पुत्र जमुना प्रसाद (निवासी ओइनी, थाना करमा, सोनभद्र) और प्रियांशु जायसवाल पुत्र सुनील जायसवाल (निवासी रुस्तमपुर, थाना रामपुर कारखाना, देवरिया, हाल पता मिल्लत नगर, थाना ओबरा, सोनभद्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विधिक कार्यवाही कर उन्हें रॉबर्ट्सगंज सोनभद्र न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक शिवबदन यादव, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार सिंह और कांस्टेबल दीपक गिरी शामिल थे।

