सोनभद्र पुलिस का तेल माफियाओं पर बड़ा प्रहार; दो थानों की छापेमारी में तीन गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध ईंधन बरामद

गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कार्रवाई, एसपी अभिषेक वर्मा ने दी कड़ी चेतावनी

सोनभद्र। जनपद में अवैध कारोबार और कालाबाजारी के विरुद्ध पुलिस ने निर्णायक अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में बुधवार (14 जनवरी) को चोपन और अनपरा थाना क्षेत्रों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तेल कालाबाजारी के सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध डीजल, पेट्रोल, टैंकर और उपकरण बरामद किए हैं।


चोपन: टैंकर से तेल चोरी करते दो दबोचे


पहली कार्रवाई चोपन थाना पुलिस द्वारा गुरमुरा क्षेत्र में की गई। यहाँ पुलिस ने घेराबंदी कर तेल चोरी के खेल को पकड़ा। मौके से पुलिस ने 120 लीटर अवैध डीजल, 20 लीटर पेट्रोल, एक टैंकर (CG 12 AQ 3258) समेत पांच बड़े ड्रम, मोटर पंप और अन्य उपकरण जब्त किए। यहाँ से राम आशीष कुमार (34) और मनीष कुमार (22) को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी सोनू जायसवाल भागने में सफल रहा।
अनपरा: बैरपान में छापेमारी, 230 लीटर डीजल जब्त
वहीं, दूसरी ओर अनपरा पुलिस ने बैरपान इलाके में दबिश दी। यहाँ से पुलिस ने 230 लीटर अवैध डीजल (दो ड्रम और दो जर्केन) बरामद किया। मौके से अमरेश यादव (24) को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी जगत यादव फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बीएनएस के तहत मुकदमा, गैंगस्टर की तैयारी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ चोपन और अनपरा थानों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है। संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। जनपद में अवैध कारोबार और जनविरोधी गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

ये भी पढ़िए