दुद्धी/सोनभद्र । साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुद्धी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला के खाते से गलती से ट्रांसफर हुए ₹78,998 की पूरी धनराशि सुरक्षित वापस करा दी है। अपनी गाढ़ी कमाई वापस पाकर पीड़िता ने पुलिस प्रशासन की जमकर सराहना की।
क्या था मामला
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता राजकुमारी (पत्नी स्व. भोला सिंह), निवासी कोरगी, थाना विण्ढमगंज (हाल पता ग्राम बीड़र, दुद्धी) के बैंक खाते से बीते दिनों 78,998/- रुपये गलतीवश किसी अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए थे। महिला ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कराई थी। पुलिस की सक्रियता से मिली कामयाबी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा एवं अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी दुद्धी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। थाना दुद्धी पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संबंधित पक्ष से समन्वय स्थापित किया। पुलिस के ठोस प्रयासों के चलते विपक्षी के खाते में गई पूरी रकम पीड़िता को वापस दिला दी गई। सराहनीय कार्य करने वाली टीम इस त्वरित कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दुद्धी के साथ उप-निरीक्षक संजय सिंह, साइबर हेल्प डेस्क के कांस्टेबल मन्तोष कुमार और महिला कांस्टेबल संध्या यादव की मुख्य भूमिका रही। पुलिस की अपील: जागरूक रहें, सुरक्षित रहें। सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल नजदीकी थाने या साइबर हेल्प डेस्क को सूचित करें।

