सोनभद्र : प्रदेश व्यापी ‘मिशन शक्ति 5.0′ अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोनभद्र पुलिस द्वारा जनपद में सुरक्षा और जागरूकता की नई अलख जगाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को उनके अधिकारों व सुरक्षा के प्रति सजग किया जा रहा है। स्कूलों और ग्राम सभाओं में दी जा रही आत्मरक्षा की सीख अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न विद्यालय, महाविद्यालय, कोचिंग संस्थानों और ग्राम सभाओं में चौपाल लगाई। महिला पुलिस कर्मियों ने बालिकाओं को गुड टच-बैड टच’ के बारे में विस्तार से बताया और विषम परिस्थितियों में आत्मरक्षा (Self-Defense) के गुर सिखाए। साथ ही, महिलाओं को उत्पीड़न से संबंधित कानूनों और उनके संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी गई ताकि वे बिना किसी भय के अपनी आवाज बुलंद कर सकें।
साइबर अपराधों के प्रति किया गया सचेत
आज के डिजिटल युग में बढ़ते वित्तीय जोखिमों को देखते हुए पुलिस ने साइबर सुरक्षा पर विशेष सत्र आयोजित किए। आमजन को सोशल मीडिया के दुरुपयोग, फर्जी कॉल/लिंक, और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के तरीके समझाए गए। पुलिस ने कड़े लहजे में हिदायत दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना OTP साझा न करें और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करें। मदद के लिए हमेशा तैयार है पुलिस सोनभद्र पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि “आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प” के ध्येय वाक्य के साथ पुलिस हर समय नागरिकों की सहायता के लिए मुस्तैद है।
इमरजेंसी में इन नंबरों को करें डायल
प्रशासन ने महिलाओं और नागरिकों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जो 24 घंटे कार्यरत हैं। 112– आपातकालीन पुलिस सेवा 1090/1091– महिला पावर लाइन, 1930– साइबर अपराध सहायता, 18– महिला हेल्पलाइन, 1076– मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सोनभद्र पुलिस का संदेश:जागरूक रहें, सुरक्षित रहें। किसी भी अपराध को छुपाएं नहीं, पुलिस को सूचित करें।

