सोनभद्र में ऑपरेशन दहन के तहत बड़ी कार्यवाही: 30.85 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ नष्ट

सोनभद्र : उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन दहन के अंतर्गत सोनभद्र पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। पुलिस प्रशासन ने जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज 747 मुकदमों से संबंधित भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 30.85 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में हुई कार्यवाही

माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने इस विनिष्टीकरण प्रक्रिया को संपन्न कराया। इस कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, अभिषेक वर्मा तथा सदस्य अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में पूरी कार्यवाही पारदर्शिता के साथ की गई। यह कार्यवाही डाला स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के माध्यम से निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी हुई।

विभिन्न थानों के माल का हुआ निस्तारण

इस अभियान के तहत जनपद के रॉबर्ट्सगंज (186 अभियोग), ओबरा (249 अभियोग), चोपन (99 अभियोग), अनपरा (64 अभियोग) सहित शाहगंज, कोन, विण्ढ़मगंज, बीजपुर, पिपरी, म्योरपुर, पन्नूगंज, करमा और बभनी थानों में दर्ज कुल 747 मामलों के माल को नष्ट किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी नारकोटिक्स सेल उपनिरीक्षक रामनगीना प्रधान, आरक्षी अभिलाष सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कदम है।

ये भी पढ़िए