स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता की जेब काट रही सरकार: संदीप मिश्र

उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो ‘किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा’ करेगा बड़ा आंदोलन, विभाग को दी चेतावनी


(रँगेश सिंह)सोनभद्र। जनपद में स्मार्ट मीटर को लेकर जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने सरकार और बिजली विभाग पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर जनता की जेब काटने का जरिया बन गया है। उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को ‘उत्पीड़न’ करार देते हुए जल्द सुधार न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

प्रतिनिधियों की चुप्पी पर उठाए सवाल

संदीप मिश्र ने कहा कि जनपद का व्यापारी, किसान, नौजवान और मजदूर आज बिजली विभाग के इस ‘यंत्र’ से त्रस्त है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “एक तरफ केंद्रीय बिजली मंत्री कहते हैं कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ता की सहमति से लगना चाहिए, लेकिन यहाँ विभाग अपनी मनमानी कर रहा है। जनपद के जनप्रतिनिधि कुंभकरणी निद्रा में सोए हैं। उन्हें जनता के दर्द से कोई वास्ता नहीं है; वे बस इस जुगाड़ में लगे हैं कि उनके और उनके रिश्तेदारों के घर स्मार्ट मीटर न लगे।”

गरीबों को भेजे जा रहे लाखों के बिल

पिछले हफ्ते चतरा ब्लॉक के डुबटिया में आयोजित जनचौपाल का हवाला देते हुए संदीप मिश्र ने विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर की। उन्होंने बताया कि राशन पर निर्भर गरीब परिवारों, जिनके घरों में मात्र 4-5 CFL बल्ब जलते हैं, उन्हें 2 से 3 लाख रुपये तक के बिजली बिल भेजे गए हैं। विभाग की इस अंधेरगर्दी की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।

मोर्चा ने फूंका बिगुल

मिश्र ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि स्मार्ट मीटर की मनमानी और गलत बिलिंग पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस दौरान मुख्य रूप से आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिन्द, नगेन्द्र धागर, प्रमोद धागर, लाल बिहारी गोंड, सत्यम पाण्डेय, सत्यम तिवारी, विजय चौहान, दिनेश चेरो, अनिल उरांव, कृष्णानन्द गोंड सहित मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे और एकजुट होकर संघर्ष का संकल्प लिया।
ब्यूरो रिपोर्ट, सोनभद्र।

ये भी पढ़िए