सोनभद्र : जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, श्री अभिषेक वर्मा ने आज पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सभी चौकी प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी की।
विवेचनाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जनपद के समस्त चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जितने भी पुराने और लंबित मामले (विवेचनाएं) हैं, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि विवेचना की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
IGRS शिकायतों का हो गुणवत्तापूर्ण समाधान
ऑनलाइन जनसुनवाई पोर्टल IGRS पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए एसपी महोदय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी न होकर गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया। शिकायतों को गंभीरता से लें और निर्धारित समय के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित करें। मौके पर जाकर तथ्यों का गहन परीक्षण करें ताकि पीड़ित पक्ष संतुष्ट हो सके पुलिसिंग की छवि सुधारने के लिए आमजन के प्रति संवेदनशील रुख अपनाएं।
प्रभावी पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के निर्देश
गोष्ठी में कानून-व्यवस्था की स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए भी चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, अपराधियों पर लगाम कसने और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि जनसुनवाई के दौरान आने वाले पीड़ितों के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास करें।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को सचेत किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के लंबित मामलों की स्वयं नियमित समीक्षा करें और प्रगति रिपोर्ट से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते रहें।

