सोनभद्र: पिपरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

पिपरी, सोनभद्र :जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत पिपरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने शनिवार को गैंगस्टर एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घेराबंदी कर दबोचा गया अपराधी

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी पिपरी के कुशल पर्यवेक्षण में पिपरी पुलिस टीम अपराधियों की धरपकड़ हेतु सक्रिय थी। इसी क्रम में शनिवार सुबह करीब 11:55 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर सूरज कुमार गुप्ता (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया।

हेरोइन तस्करी में पहले भी जा चुका है जेल

गिरफ्तार अभियुक्त सूरज कुमार गुप्ता, निवासी डिबुलगंज (थाना अनपरा), पर पिपरी थाने में मु0अ0सं0-66/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत मामला दर्ज था। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह पूर्व में भी अवैध मादक पदार्थ (हेरोइन) की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। अपराधी इतना शातिर था कि गिरफ्तारी के डर से वह पुलिस को देखते ही भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर दबोचा।

कार्रवाई करने वाली टीम

इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से शामिल रहे: निरीक्षक अपराध हरेन्द्र कुमार यादव थाना पिपरी, हेड कांस्टेबल प्रभूनारायण, हेड कांस्टेबल मोहन खरवार, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार पासवान चालक शामिल रहे। पिपरी पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही पूरी कर उसे न्यायालय पेश किया गया है। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

    ये भी पढ़िए