(रँगेश सिंह)सोनभद्र : जिले के हाथीनाला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। इस आग में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी संख्या में पुलिस और दमकल की टीमें पहुंच गईं।
बता दें कि वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर हथवानी गांव के पास शनिवार शाम करीब 5 बजे दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हादसे के वक्त ट्रकों में सवार चालक और खलासी फंस गए, जिसमें से एक चालक को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर गंभीर हालत में हिंडाल्को अस्पताल भेजा गया। वहीं दो अन्य लोग आग में फंसने के कारण जिंदा जल गए, जबकि एक और खलासी के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, सीओ पिपरी हर्ष पांडे और सीओ ओबरा अमित कुमार समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।आग बुझाने के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट, चोपन फायर स्टेशन और हिंडाल्को की दमकल गाड़ियां लगाई गईं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।बताया जा रहा है कि एक ट्रक में राख लदी थी, जबकि दूसरे ट्रक में दूध के पैकेट भरे हुए थे, जो हादसे के बाद सड़क पर बिखर गए।हादसे के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए यातायात को डायवर्ट किया गया।फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

