सोनभद्र (पिपरी) साइबर अपराधियों के जाल में फंसे एक पीड़ित के लिए पिपरी पुलिस देवदूत बनकर सामने आई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बैंक से समन्वय के चलते पीड़ित के खाते से उड़ाए गए ₹26,999 की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस मिल गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर पीड़ित ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया है।
क्या था मामला
रेनूकूट के शिवा पार्क निवासी राजकुमार पुत्र शिवशंकर के साथ बीते दिनों एक अज्ञात साइबर ठग ने धोखाधड़ी की थी। ठग ने झांसे में लेकर राजकुमार के खाते से ₹26,999 ट्रांसफर करा लिए थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत तत्काल थाना पिपरी में दर्ज कराई।
पुलिस की सक्रियता से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पिपरी पुलिस की साइबर टीम तुरंत एक्शन में आई। क्षेत्राधिकारी पिपरी के नेतृत्व में टीम ने संबंधित बैंक से संपर्क साधा और धोखाधड़ी वाली रकम को तत्काल होल्ड (Freeze) करा दिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और नोटिस जारी करने के बाद, ठगी गई कुल राशि पीड़ित के मूल खाते में वापस भेज दी गई।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम इस सफल रिकवरी में प्रभारी निरीक्षक *प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, निरीक्षक हरेन्द्र यादव उप निरीक्षक दिलीप कुमार सिंहऔर महिला आरक्षी अर्चना की मुख्य भूमिका रही। पुलिस की इस कार्यप्रणाली की क्षेत्र में काफी प्रशंसा हो रही है। सावधान रहें! पुलिस ने जनता से अपील की है कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल कार्रवाई करें। हेल्पलाइन नंबर: 1930 पर तुरंत कॉल करें। पोर्टल: www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय का महत्व:साइबर फ्रॉड के शुरुआती 1-2 घंटे (Golden Hour) बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, जिसमें पैसा वापस मिलने की संभावना सबसे अधिक होती है।

