रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में रॉबर्ट्सगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार तड़के पुलिस टीम ने ‘मम्मी का ढाबा’ के पास एक अर्द्धनिर्मित भवन में छापेमारी कर चार अंतरजनपदीय तस्करों को दबोच लिया। इनके कब्जे से 51.785 किलोग्राम अवैध गांजा, चार मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख आंकी गई है।
घेराबंदी कर दबोचे गए तस्कर
पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी (नगर) श्री रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम लोढ़ी स्थित मम्मी का ढाबा के पास दबिश दी। रात करीब 01:35 बजे पुलिस ने घेराबंदी कर चार युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया, जो कार (UP 14 CE 6447) के जरिए गांजे की खेप ठिकाने लगाने की फिराक में थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पकड़े गए आरोपी आजमगढ़ और अम्बेडकर नगर जिले के निवासी हैं, शेर बहादुर उर्फ शेरू यादव (26 वर्ष) – निवासी पिण्डोरिया, अम्बेडकर नगर, आकृत उर्फ सचिन पाण्डेय (24 वर्ष) – निवासी अचलीपुर, आजमगढ़, प्रतीक चौबे उर्फ डम्पी (32 वर्ष) – निवासी भटपुरवा, आजमगढ़, राज दूबे उर्फ मोहित (20 वर्ष) – निवासी दुबौली, अम्बेडकर नगर।
विधिक कार्यवाही और पुलिस टीम
पुलिस ने चारों अभियुक्तों के खिलाफ थाना रॉबर्ट्सगंज में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं (8/20/27ए/29/60) में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। सफलता पाने वाली टीम: इस सफल कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के साथ एसओजी/सर्विलांस प्रभारी राजेश जी चौबे, चुर्क चौकी प्रभारी विनोद कुमार यादव, लोढ़ी चौकी प्रभारी उमाशंकर यादव और एसओजी टीम के मुख्य आरक्षी अमरजीत यादव, प्रवीण यादव, रितेश सिंह, अजीत कुमार व चालक अजीत यादव की मुख्य भूमिका रही।

