सोनभद्र: काम दिलाने के बहाने नाबालिग को 1.20 लाख में बेचा, राजस्थान का मानव तस्कर गिरफ्तार

रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र) जनपद की रॉबर्ट्सगंज और एएचटी (एण्टी ह्युमन ट्रैफिकिंग) पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को एक संगठित मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर ले गया था और उसे आगरा व अलीगढ़ के क्षेत्रों में बेच दिया था, जहाँ पीड़िता के साथ क्रूरता और शारीरिक शोषण किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह और उ0नि0 रणजीत सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पवर क्षेत्र से शिव सिंह उर्फ रामलाल (निवासी धवलपुर, राजस्थान) को घेराबंदी कर दबोच लिया।

पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा

पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह पीड़िता को अच्छी नौकरी और काम दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता को 1,20,000 रुपये में बेच दिया। तस्करों के चंगुल में फंसी पीड़िता को अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर रखा गया, जहाँ उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया, जिससे वह गर्भवती हो गई।

संगठित गिरोह का हिस्सा है अभियुक्त

पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला एक बड़े संगठित गिरोह से जुड़ा है। अभियुक्त के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज थाने में बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।

ये भी पढ़िए