अनुशासन, शौर्य और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन, नवआरक्षियों ने लिया जनसेवा का संकल्प
सोनभद्र : प्रशिक्षण केन्द्र पुलिस लाइन चुर्क, सोनभद्र में 485 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूरे परेड ग्राउण्ड में अनुशासन, ऊर्जा एवं उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ नवआरक्षियों ने अपने कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और उत्कृष्ट कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक यातायात श्री अरविन्द कुमार मौर्या रहे, जिनके द्वारा परेड की सलामी ली गई। तत्पश्चात उन्होंने परेड ग्राउण्ड में सुसज्जित 18 टोलियों का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षार्थियों की एकरूपता, शारीरिक दक्षता एवं ड्रिल की उत्कृष्टता की सराहना की। निरीक्षण के दौरान नवआरक्षियों का आत्मविश्वास, संतुलन एवं अनुशासन विशेष रूप से आकर्षण का केन्द्र रहा।
इसके उपरान्त समस्त टोलियों द्वारा शानदार एवं समन्वित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसमें कदम से कदम मिलाकर चलते हुए सभी टोलियों ने सलामी मंच से गुजरते हुए मुख्य अतिथि महोदय को सलामी दी। मार्चपास्ट की सटीकता, तालमेल एवं अनुशासन ने उपस्थित जनसमूह को अत्यंत प्रभावित किया और पूरे परिसर में गर्व एवं उत्साह का वातावरण निर्मित हुआ।
समारोह के दौरान प्रशिक्षण के विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि महोदय द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल विजेताओं के लिए गौरव का विषय रहा, बल्कि अन्य प्रशिक्षार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना।

सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी- प्रशिक्षु आरक्षी प्रशांत शुक्ला कुल 1246.1 अंक, बाह्य कक्षीय विषयों में सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी- प्रशिक्षु आरक्षी प्रशांत शुक्ला 572.1 अंक, अंतः कक्षीय विषयों में सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी-* प्रशिक्षु आरक्षी नीरज ओझा 685 अंक, अंतः कक्षीय विषयों के समूहवार सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी, प्रथम समूह – प्रशिक्षु आरक्षी नितिन कुमार 64 अंक, द्वितीय समूह – प्रशिक्षु आरक्षी नीरज ओझा 91 अंक, तृतीय समूह – प्रशिक्षु आरक्षी चन्द्रपाल 110 अंक, चतुर्थ समूह – प्रशिक्षु आरक्षी विजय पाण्डेय 95 अंक, पंचम समूह – प्रशिक्षु आरक्षी अनुभव कुमार तिवारी 111 अंक, षष्ठम समूह – प्रशिक्षु आरक्षी अभिषेक तिवारी 86 अंक, सप्तम समूह- प्रशिक्षु आरक्षी हेमन्त राज 92 अंक, अष्टम समूह- प्रशिक्षु आरक्षी सन्तोष कुमार पटेल 73 अंक, बाह्य कक्षीय विषयों में सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी, शारीरिक दक्षता परीक्षा में – प्रशिक्षु आरक्षी राम कुमार (94 अंक)
यू0ए0सी0 में – प्रशिक्षु आरक्षी वरुण कुमार पाण्डेय 36 अंक, योगासन में – प्रशिक्षु आरक्षी मयंक पाल (28 अंक, पदाति प्रशिक्षण में – प्रशिक्षु आरक्षी अभिनव सिंह 82 अंक, शस्त्र प्रशिक्षण में – प्रशिक्षु आरक्षी अभिषेक कुमार मिश्रा 70.9 अंक, जंगल प्रशिक्षण में – प्रशिक्षु आरक्षी विकास चन्द्र 60 अंक, भीड़ नियंत्रण में – प्रशिक्षु आरक्षी प्रशांत शुक्ला 38 अंक, विशिष्ट तलाशी में – प्रशिक्षु आरक्षी प्रशांत शुक्ला 38 अंक, यातायात प्रशिक्षण में – प्रशिक्षु आरक्षी रविन्द्र प्रताप सिंह 38 अंक

आतंकवाद निरोधी प्रशिक्षण में – प्रशिक्षु आरक्षी मुकुल सिंह 65 अंक मुख्य अतिथि महोदय ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में नवआरक्षियों को दीक्षांत की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने सभी को ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश दिया तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही सभी नवआरक्षियों को कर्तव्यों के प्रति शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र महोदय द्वारा भी अपने संबोधन में सभी नवआरक्षियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि को और अधिक सुदृढ़ बनाने में नवआरक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी तथा आमजन के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह एवं मित्रवत पुलिसिंग ही उनकी पहचान बने।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सोनभद्र श्री चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रशिक्षण केन्द्र के अधिकारीगण एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे। समारोह का समापन अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

