मदन मोहन चंदौली : पुलिस लाइन सभागार में आयोजित हुई व्यापारी सुरक्षा बैठक, एएसपी और एडीएम रहे मौजूद।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ने उठाई सुरक्षा की मांग, बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील।
चन्दौली जिले के व्यापारियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में एक महत्वपूर्ण ‘व्यापारी सुरक्षा बैठक’ सम्पन्न हुई। अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर की अध्यक्षता तथा अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में जिले भर के व्यापारिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में उपस्थित व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक का माल्यार्पण कर और मिष्ठान खिलाकर जोरदार स्वागत किया। व्यापारियों से मारपीट और दहशत फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई बैठक में व्यापारियों का नेतृत्व कर रहे व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने हाल के दिनों में व्यापारियों के साथ हुई घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि विगत कुछ दिनों से जिले के कई बाजारों में व्यापारियों के साथ मारपीट और भय का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ मनबढ़ किस्म के लोग कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं, जिससे सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है।
जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए, ताकि व्यापारियों और आम जनता के बीच से भय का माहौल समाप्त हो सके।
बाजारों को सुरक्षित करने के लिए ‘तीसरी आंख’ का सहारा
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने सभी बाजारों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों से भी एक विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के व्यापारियों से मिलकर प्रतिष्ठानों और प्रमुख बाजारों में अधिक से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगवाने का कार्य करें। कैमरे लगने से अपराधियों को चिन्हित करने में आसानी होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार भी व्यापारियों की समस्याओं और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह गंभीर है।
शिकायतों का तत्काल होगा निस्तारण
बैठक में उपस्थित विभिन्न बाजारों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने भी बारी-बारी से अपने क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर ने उन्हें पूर्ण सुरक्षा और सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों की शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बैठक में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से चन्द्रेश्वर जायसवाल, अशोक केशरी, महमूद आलम, प्रदीप कुमार, सतीश जिंदल, नवीन अरोड़ा, सतीश सेठ आका, नरेन्द्र पाल सिंह, तहसील अध्यक्ष नौगढअभिमन्यु प्रजापति, जिला संगठन मंत्री राजकुमार पाल, तिवारीपुर अध्यक्ष गुलाब चंद्र केसरी,बरवाडीह अध्यक्ष छोटेलाल जयसवाल, बरवाडीह महामंत्री, जब्बार खा, बरवाडी युवा अध्यक्ष अखिलेश जायसवाल मीडिया प्रभारी चकिया ,नौगढ़ मदन मोहन विश्वकर्मा,अंकित जायसवाल, चंद्रशेखर सिंह, सुशील शर्मा, सलमान खान, अमन अली, सत्येंद्र तिवारी डिम्पल, अवधेश गुप्ता, विष्णु जायसवाल, मनोज चौहान, अंकित कुमार, भानु यादव, सतीश गुप्ता, हनुमान चौरसिया, मुरारी लाल, ज्ञानप्रकाश सहित सैकड़ों संख्या में जिले के व्यापारी और व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।

