संपूर्ण समाधान दिवस में गरजा प्रशासन: 105 किसानों की सिंचाई समस्या पर एसडीएम ने जेई को लगाई फटकार

(मदन मोहन)चंदौली । नौगढ़ तहसील सभागार में शनिवार को उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्रामीणों और फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर अधिकारियों के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। समाधान दिवस में कुल 80 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए उपजिलाधिकारी ने निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा विद्युत, पुलिस, वन, सिंचाई एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।


105 किसानों की सिंचाई समस्या पर एसडीएम ने दिखाई सख्ती


समाधान दिवस के दौरान भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने मझगवां क्षेत्र की सिंचाई समस्या उठाई। किसानों ने ज्ञापन सौंपकर बताया कि जिस स्थान से नहर का पानी उनके खेतों तक पहुंचता था, वहां कुलावा बनाए बिना ही सिंचाई विभाग ने पक्की दीवार खड़ी कर दी, जिससे करीब 105 किसानों के खेतों तक पानी पहुंचना पूरी तरह बंद हो गया है। किसानों ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र ने तत्काल सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) को तलब किया। विभाग की ओर से बताया गया कि उक्त स्थान पर कुलावा प्रस्तावित नहीं है। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर किसानों की सिंचाई व्यवस्था बहाल की जाए तथा इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।


ये अधिकारी रहे मौजूद


कार्यक्रम में तहसीलदार राहुल सिंह, खंड विकास अधिकारी राकेश सिंह, क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव, नौगढ़ रेंजर संजय श्रीवास्तव, जयमोहनी रेंज के वन दरोगा वीरेंद्र पांडे, मझगाई रेंज के वन दरोगा शुभम कुमार गोंड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर किसान नेता परमात्मा मौर्य सहित जितेंद्र कुमार, अखिलेश मौर्य, नागेंद्र, महानंद, नीतीश, रमाशंकर, रमेश, बैजनाथ, फेंकने, गुल्लू, देवनाथ, रामबृज, अवधेश, मेवालाल, अशोक कुमार, कमल सिंह, रंजीत कुमार, गोपाल, पन्नालाल, बलवंत, शंभूनाथ, बलदाऊ सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए