जल संरक्षण का संकल्प लें, भविष्य बचाएं: डीएम चर्चित गौड़


भूजल सप्ताह के तहत संपूर्ण समाधान दिवस में दिलाई शपथ, वर्षा जल संचयन को जनआंदोलन बनाने का आह्वान


सोनभद्र,। जनपद के घोरावल तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने प्रदेश सरकार द्वारा 16 से 22 जुलाई तक मनाए जा रहे भूजल सप्ताह के अंतर्गत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बढ़ते जल संकट को देखते हुए वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, तालाबों एवं पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण तथा जल का विवेकपूर्ण उपयोग समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घर, गांव और आसपास जल संरक्षण के उपाय अपनाने तथा जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझने की अपील की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई। उन्होंने निर्देश दिए कि भूजल सप्ताह के दौरान जन-जागरूकता रैली, पौधरोपण, वर्षा जल संचयन, जल निकायों के संरक्षण तथा अन्य निर्धारित गतिविधियों का व्यापक स्तर पर आयोजन कर इसे जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम समन्वयक (मनरेगा), जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए