डीएम चर्चित गौड़ बोले— अधूरे निर्माण कार्यों में तेजी लाएं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नवीन व्यवस्था के तहत सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा।
बैठक में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने एलडीएम को निर्देश दिया कि योजना के लाभार्थियों को बैंकों के माध्यम से सब्सिडी एवं ऋण की सुविधा समय पर उपलब्ध कराई जाए और सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी ऋण योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग एवं एलडीएम को निर्देशित किया कि लाभार्थियों की ऋण संबंधी पत्रावलियों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए, ताकि पात्र युवाओं को समय पर योजना का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग विकास कार्यों, लाभार्थीपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति में तेजी लाएं। अधूरे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए और किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतपाल वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए एस.के. राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

