राहुल गांधी और अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सोनभद्र में उबाल, कांग्रेस-सपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन

(अशोक कुमार सिंह)सोनभद्र। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को सोनभद्र में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। रॉबर्ट्सगंज स्थित स्वर्ण जयंती चौक पर बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं के मुद्दों को दबाने के लिए विपक्ष की आवाज को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। छात्रों की समस्याओं को लेकर उठाई जा रही आवाज को दबाने के लिए विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है।
कांग्रेस और सपा नेताओं ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत गिरफ्तार सभी विपक्षी नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध और प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने विपक्षी नेताओं को जल्द रिहा नहीं किया और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने तथा छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग उठाई। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की गई।
संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए स्वर्ण जयंती चौक पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

ये भी पढ़िए