ऑपरेशन दहन में पिपरी पुलिस का बड़ा एक्शन! 18 हजार लीटर अवैध शराब की गई नष्ट

2426 पेटियों में रखी 37,218 शीशियां नष्ट, न्यायालय के आदेश पर त्रिस्तरीय समिति की निगरानी में हुई कार्रवाई


सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में जनपद में अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। “ऑपरेशन दहन” के तहत पिपरी पुलिस ने अवैध शराब माफियाओं पर कड़ा प्रहार करते हुए करीब 18,000 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब का विधिवत विनष्टीकरण किया। कार्रवाई न्यायालय के आदेश एवं जिलाधिकारी द्वारा गठित त्रिस्तरीय समिति की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में थाना पिपरी पुलिस ने विभिन्न अभियोगों में जब्त 2426 पेटियों में रखी कुल 37,218 छोटी-बड़ी शराब की शीशियों का निस्तारण किया। थाना परिसर में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर वीडियो रिकॉर्डिंग एवं फोटोग्राफी के बीच समस्त वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए शराब को नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी दुद्धी, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय, अभियोजन अधिकारी एवं थानाध्यक्ष पिपरी राजेश जी चौबे सहित त्रिस्तरीय समिति के सदस्य उपस्थित रहे। पूरी प्रक्रिया न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराई गई।
सोनभद्र पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार, संगठित अपराध और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों पर कठोर कार्रवाई कर कानून का राज स्थापित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ये भी पढ़िए