डीएम चर्चित गौड़ और एसपी अभिषेक वर्मा ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं रहेंगी सर्वोच्च प्राथमिकता
सोनभद्र, 22 जुलाई। 30 जुलाई से प्रारंभ होकर 28 अगस्त तक संचालित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा की तैयारियों का विस्तृत खाका तैयार किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विजयगढ़ किले के समीप स्थित राम सरोवर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र जल लेकर शिवद्वार मंदिर तक पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और स्वच्छता की सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने विजयगढ़ क्षेत्र में अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने लोक निर्माण विभाग को शिवद्वार मंदिर तक जाने वाले सभी संपर्क मार्गों का पैचवर्क और मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने तथा बिजली विभाग को ढीले विद्युत तारों की मरम्मत कर सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निकायों एवं पंचायत विभाग को पूरे यात्रा मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान, अस्थायी शौचालय, टेंट, विश्राम स्थल और रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।
कांवड़ यात्रा की निगरानी के लिए जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्णय लिया गया है, जहां प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी सूचना या समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा में डीजे की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रहे। इसके लिए पूर्व सत्यापन कराया जाए तथा डीजे संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, जिससे विद्युत तारों से टकराने जैसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने यात्रा मार्ग पर झाड़ियों की कटाई, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिवद्वार मंदिर के पुजारी, धर्मगुरु, व्यापारी प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

