वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अनुपस्थित अधिकारियों से दो दिन में मांगा स्पष्टीकरण, जवाबदेही तय करने के निर्देश
सोनभद्र। जनसामान्य की शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बुधवार को जनसुनवाई व्यवस्था की सख्त समीक्षा की। सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित जनसुनवाई के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अनुपस्थित रहने वाले 11 जिला स्तरीय अधिकारियों पर जिलाधिकारी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनका वेतन तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी अधिकारियों से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर जनसुनवाई में अधिकारियों की उपस्थिति की समीक्षा की। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, ज्येष्ठ खान अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, सहायक महानिरीक्षक निबंधन, सहायक निदेशक रेशम, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग अनुपस्थित पाए गए।
डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि जनसुनवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतों की सुनवाई करें। उन्होंने जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की भी निर्धारित समय पर जनसुनवाई एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक शिकायत का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण हो सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनसुनवाई में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध भविष्य में भी कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

