दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र। भारतीय इंटर कॉलेज, विंढमगंज के जर्जर भवन के पुनर्निर्माण तथा विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर रांची–चोपन एक्सप्रेस एवं स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई राज्य मंत्री एवं जनपद सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को दो सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि भारतीय इंटर कॉलेज, विंढमगंज का भवन अत्यंत जर्जर हो चुका है। विद्यालय में लगभग 1400 से 1500 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं और छत भी कमजोर हो गई है। ऐसे में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। ज्ञापन में विद्यालय भवन का तकनीकी निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत अथवा नए भवन का निर्माण कराने, परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा विद्यालय संचालन से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही विद्यालय को सरकारी नियंत्रण में लिए जाने की भी मांग उठाई गई।
दूसरे ज्ञापन में विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर रांची–चोपन एक्सप्रेस (18631/18632) तथा स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस (12873/12874) के नियमित ठहराव की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि विंढमगंज उत्तर प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री आवागमन करते हैं। स्थानीय लोग वर्षों से इन दोनों ट्रेनों के ठहराव की मांग करते आ रहे हैं तथा कई बार ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन और आंदोलन भी किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। ट्रेनों के ठहराव से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, मरीजों एवं आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान, अभिषेक प्रताप सिंह, ओम प्रकाश रावत, अजय गुप्ता, मनीष मद्धेशिया, अमन जायसवाल सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

