घायल को तड़पता देख थमा डीएम-एसपी का काफिला, स्कॉर्ट से पहुंचाया अस्पताल

सोनभद्र। सरकारी कामकाज की व्यस्तता और प्रोटोकॉल के बीच शनिवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने लोगों का दिल जीत लिया। दुद्धी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने जा रहे दोनों अधिकारियों ने गुरमुरा के समीप सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सड़क किनारे देखा तो तत्काल अपना काफिला रुकवा दिया।
घायल की हालत देखकर डीएम और एसपी स्वयं उसके पास पहुंचे और उसका हालचाल जाना। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों अधिकारियों ने बिना समय गंवाए अपने स्कॉर्ट वाहन से घायल को निकटवर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, ताकि उसे तत्काल उपचार मिल सके। डीएम एवं एसपी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घायल को हर जरूरी चिकित्सकीय सुविधा तत्काल उपलब्ध कराई जाए और इलाज में किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने पाए।


प्रोटोकॉल से पहले इंसानियत को दी तरजीह


सड़क पर घायल व्यक्ति की मदद के लिए अधिकारियों का काफिला रुकना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने डीएम और एसपी की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारी जब अपने दायित्व के साथ मानवीय संवेदना को भी प्राथमिकता देते हैं, तो प्रशासन पर जनता का भरोसा और मजबूत होता है। डीएम चर्चित गौड़ और एसपी अभिषेक वर्मा की इस त्वरित पहल से घायल को समय रहते चिकित्सा सहायता मिल सकी। दोनों अधिकारियों की संवेदनशीलता और तत्काल निर्णय ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनसेवा केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंद के साथ खड़े होने का नाम भी है।

ये भी पढ़िए