सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और आमजन को जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें लिंग समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिला एवं बाल हिंसा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर लोगों को जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न के खिलाफ कानूनी अधिकारों और सहायता सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी जागरूक किया गया। पुलिस ने फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी और OTP किसी से साझा न करने के प्रति लोगों को सतर्क किया।
पुलिस ने महिलाओं एवं आमजन से किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन: 112 – आपातकालीन सेवा | 1090/1091 – महिला सुरक्षा | 181 – महिला हेल्पलाइन | 1930 – साइबर अपराध | 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

