UPI से गलती से ट्रांसफर हुए ₹50,300, दुद्धी पुलिस ने पीड़ित को वापस दिलाए

दुद्धी। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुद्धी पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए UPI के जरिए गलती से दूसरे खाते में ट्रांसफर हुई ₹50,300 की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
दुद्धी कस्बे के वार्ड नंबर-02 निवासी अभिषेक कुमार ने पुलिस को बताया कि स्कैनर के माध्यम से UPI भुगतान करते समय गलती से ₹50,300 किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए थे। पीड़ित ने मामले की शिकायत NCRP पोर्टल पर दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना दुद्धी की साइबर टीम ने संबंधित बैंक से संपर्क कर ट्रांसफर की गई रकम को होल्ड कराया। इसके बाद दूसरे पक्ष के संपर्क नंबर पर समन्वय स्थापित कर ₹50,300 की पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक हरिकेश राम आजाद, कांस्टेबल मंतोष और महिला कांस्टेबल संध्या यादव शामिल रहे।
रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने दुद्धी पुलिस और साइबर टीम के प्रति आभार जताया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराएं।

ये भी पढ़िए