जेम्स स्कूल गेट से महावीर सरस्वती शिशु मंदिर होते हुए राजमन गुप्ता के घर तक होगा सड़क निर्माण
दुद्धी (सोनभद्र)। नगर पंचायत दुद्धी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए जेम्स स्कूल गेट से महावीर सरस्वती शिशु मंदिर मोहल्ला होते हुए राजमन गुप्ता के घर तक करीब 82 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। सड़क निर्माण कार्य का नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर चेयरमैन कमलेश मोहन ने कहा कि नगर क्षेत्र में बेहतर सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। सीसी रोड के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। वहीं, बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव की समस्या से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान पंकज अग्रहरि, बुल्लू, दीपक शाह, जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, वार्ड सभासद निरंजन कुमार, धीरज जायसवाल, शाहिद आलम, सोनू खान, सुमित सोनी, प्रेम नारायण उर्फ मोनू और कन्हैयालाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष और कार्यदायी संस्था के ठेकेदार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। लोगों ने सड़क की पूरी चौड़ाई में आरसीसी निर्माण कराने, सड़क के नीचे से गुजर रही सरकारी पाइपलाइन के कनेक्शनों को सुरक्षित रखने तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की मांग की।
स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्य का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि सड़क का निर्माण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा। लोगों का कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से भी राहत मिलेगी।

