(मदन मोहन)चंदौली। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चंदौली पुलिस एवं प्रशासन ने दो आदतन अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दोनों अपराधियों को छह माह के लिए जिला बदर किया गया है।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार दोनों को छह माह की अवधि के लिए चंदौली जनपद की सभी भौगोलिक सीमाओं से निष्कासित किया गया है। जिला बदर की अवधि में यदि कोई भी अपराधी जिले की सीमा में प्रवेश करता या आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा दोनों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
इन अपराधियों पर हुई कार्रवाई
विशाल उर्फ आकाश सोनकर पुत्र राजा सोनकर, निवासी वार्ड नंबर-05 बिछड़ी गांव, थाना अलीनगर के खिलाफ जीआरपी डीडीयू में वर्ष 2018 से 2025 तक चोरी, माल बरामदगी एवं एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 09 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
वहीं सुनील चौहान पुत्र रामबली चौहान, निवासी अमोघपुर, थाना अलीनगर के खिलाफ मारपीट, अमानत में खयानत, धमकी, अशांति फैलाने और महामारी अधिनियम से संबंधित कुल 05 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद की कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

