बच्चों के चहेते, मिलनसार अमजद खान का निधन, शोक की लहर

दुद्धी, सोनभद्र। खुशनुमा और मजाकिया मिजाज के लिए पहचाने जाने वाले हरफनमौला अमजद खान का बुधवार को प्रातः करीब 9:30 बजे 75 वर्ष की आयु में उनके निज निवास पर बीमारी के कारण निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
अमजद खान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय सुखन अली के परपोते थे। लंबे समय तक किराना दुकान का संचालन कर उन्होंने अपने परिवार का भरण-पोषण किया। हिंदी फिल्मों और गीतों के शौकीन अमजद खान धार्मिक प्रवृत्ति के भी थे और नियमित रूप से पांच वक्त की नमाज अदा करते थे। कुछ समय पूर्व ही वह उमरा की धार्मिक यात्रा से लौटे थे।
बच्चों से विशेष लगाव रखने वाले अमजद खान अपने हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के कारण लोगों के बीच लोकप्रिय थे। उनके निधन से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार में मातम पसरा हुआ है।
उनके निधन पर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, प्रमोद कुमार पत्रकार, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ, नगर पंचायत स्वच्छता मिशन ब्रांड एंबेसडर दुद्धी जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, अरुण कुमार, इब्राहिम खान सहित अन्य लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अमजद खान अपने पीछे पांच पुत्र और दो विवाहित पुत्रियां छोड़ गए हैं। बुधवार को बाद नमाज मगरिब दुद्धी स्थित कब्रिस्तान में जनाजे की नमाज अदा करने के बाद उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
— जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, ब्यूरो चीफ सोनभद्र

ये भी पढ़िए