भारी बारिश से जनपद में हाहाकार, युद्धस्तर पर राहत-बचाव कार्य तेज

जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण, जेसीबी से मलबे की सफाई और मार्गों की बहाली जारी

सोनभद्र। जनपद में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते कई इलाकों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं संबंधित विभागों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय हैं। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के साथ जलनिकासी और बाधित मार्गों को जल्द से जल्द बहाल करना है।
भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में घरों में पानी भरने अथवा जलभराव की स्थिति वाले परिवारों को लंच पैकेट, नाश्ता, फ्रूट पैकेट समेत आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचकर लोगों की जरूरतों का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही हैं।
मोखना में पुलिया बहने से आवागमन प्रभावित
भारी वर्षा के कारण ग्राम पंचायत डोडहर के मोखना में पुलिया बह जाने से आवागमन ठप हो गया था। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिया की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया है। प्रशासन के अनुसार मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही आवागमन सुचारु होने की उम्मीद है।
वहीं, बारिश के कारण सड़कों एवं संपर्क मार्गों पर जमा मिट्टी, मलबे और अन्य अवरोधों को जेसीबी मशीनों के माध्यम से हटाया जा रहा है। जलनिकासी बाधित करने वाली नालियों की सफाई भी युद्धस्तर पर कराई जा रही है। क्षतिग्रस्त सड़क, पुल-पुलिया एवं अन्य सार्वजनिक आवागमन से जुड़ी संरचनाओं को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।
लाउडस्पीकर से लोगों को किया जा रहा जागरूक
जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे नदी-नालों, पुल-पुलियों, तेज बहाव वाले पानी और अत्यधिक जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
विशेष रूप से बच्चों को जलभराव और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रखने की अपील की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है और आवश्यकता वाले स्थानों पर आवाजाही रोकने के लिए सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भारी बारिश एवं जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। आवश्यकता के अनुसार तत्काल संसाधन उपलब्ध कराते हुए प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जाए। प्रशासन द्वारा वर्षा, जलभराव, जलनिकासी, मार्गों की स्थिति और राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।

ये भी पढ़िए