कुएं के ऊपर रखी लकड़ी टूटने से हुआ हादसा, पत्नी समेत बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के सहगोडा गांव में मंगलवार की शाम करीब पांच बजे कुएं में नहाने के दौरान एक किसान की गिरकर मौत हो गई। हादसे में 34 वर्षीय शेर सिंह पुत्र रामप्रसाद की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया कि शेर सिंह कुएं से पानी निकालकर नहाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कुएं के ऊपर रखी लकड़ी अचानक टूट गई, जिससे वह अपना संतुलन खो बैठे और कुएं में जा गिरे। हादसे के बाद काफी देर तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई।
परिजन जब कुएं के पास पहुंचे तो वहां रखी लकड़ी टूटी मिली। इसके बाद उन्हें शेर सिंह के कुएं में गिरने की आशंका हुई। परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कुएं में उतरकर शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कराई।
काफी प्रयास के बाद किसान का शव कुएं से बाहर निकाला गया। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस घटना की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

