साक्ष्य जुटाने से लेकर पैरवी तक में तेजी लाएं, एसपी अभिषेक वर्मा के सख्त निर्देश

सोनभद्र,। जनपद में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को पुलिस लाइन चुर्क में 60/90 दिवस की लंबित विवेचनाओं को लेकर अर्दली रूम आयोजित कर एसपी ने एक-एक मामले की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अर्दली रूम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं की स्थिति की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित विवेचकों से अब तक की गई कार्रवाई और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी विवेचना में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साक्ष्यों का संकलन, आवश्यक विधिक कार्रवाई तथा अन्य सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी करते हुए विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के साथ अभियोगों में प्रभावी पैरवी पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विवेचना के दौरान प्रत्येक तथ्य और साक्ष्य को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को समय से न्याय मिल सके और कानून-व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत हो।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं विवेचकों को निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
अर्दली रूम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय सहित संबंधित विवेचक मौजूद रहे। मुख्य संदेश: लंबित विवेचनाओं पर एसपी की सीधी नजर, समयबद्ध निस्तारण और प्रभावी पैरवी को प्राथमिकता।

ये भी पढ़िए