परिवार ने नहीं दिया खून, टिंकू ने बढ़ाया मदद का हाथ; रक्तदान कर बचाई दिव्यांग महिला की जान

दुद्धी/सोनभद्र। विकासखंड दुद्धी अंतर्गत ग्राम बीड़र निवासी दिव्यांग महिला इंद्रावती देवी (30) एनीमिया से पीड़ित थीं। शरीर में खून की अत्यधिक कमी होने पर चिकित्सकों ने तत्काल रक्त चढ़ाने की सलाह दी। महिला के तीन छोटे बच्चे हैं, लेकिन परिवार में कोई भी व्यक्ति रक्तदान के लिए तैयार नहीं हुआ। इससे परिजनों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया।
ऐसे मुश्किल समय में टिंकू चन्द्रवंशी (40), पुत्र नागेंद्र चन्द्रवंशी, निवासी वार्ड नंबर-10 रामनगर, दुद्धी ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए रक्तदान के लिए आगे आए। उन्होंने तत्काल अपना रक्तदान कर दिव्यांग महिला की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस नेक पहल में प्रगति फाउंडेशन के संस्थापक विकास कुमार अग्रहरी, समाजसेवी राजू शर्मा, जय बजरंग अखाड़ा समिति रामनगर के अध्यक्ष बबलू चन्द्रवंशी एवं प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी का सराहनीय सहयोग रहा।
टिंकू चन्द्रवंशी के इस मानवीय कार्य की क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि जरूरत के समय किया गया रक्तदान किसी के लिए जीवनदान साबित होता है। टिंकू का यह प्रयास समाज में मानवता और सेवा भावना की प्रेरणादायी मिसाल है।


रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी

ये भी पढ़िए