भारी बारिश से उफनाईं कनहर-ठेमा और लऊवा नदियां, श्मशान घाट जलमग्न

कनहर श्मशान घाट पानी में डूबा, दाह संस्कार में बढ़ी परेशानी; तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा

दुद्धी (सोनभद्र)। पड़ोसी राज्यों छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के इलाकों में हो रही रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश का असर अब दुद्धी क्षेत्र की नदियों पर साफ दिखाई देने लगा है। लगातार बारिश के चलते कनहर, ठेमा और लऊवा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी किनारे के इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
कनहर और ठेमा नदी के संगम तट पर स्थित श्मशान घाट पूरी तरह पानी में डूब गया है। घाट के जलमग्न होने के कारण अंतिम संस्कार के लिए पहुंच रहे परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शवों के दाह संस्कार के लिए सुरक्षित स्थान नहीं मिलने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
वहीं, लऊवा नदी भी उफान पर है और उसका अधिकांश क्षेत्र जलमग्न हो गया है। तीनों नदियों का जलस्तर एक साथ बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में पानी घुसने का खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश इसी तरह जारी रही तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों में बाढ़ को लेकर दहशत का माहौल है। लोग नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए हुए हैं।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की जा रही है।


रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी

ये भी पढ़िए