रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर अनपरा बाजार गुलजार, राखी-मिठाइयों की खरीदारी को उमड़ी भीड़

अनपरा। रक्षाबंधन के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर गुरुवार को अनपरा नगर के बाजारों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। भाई-बहन के प्रेम और स्नेह के प्रतीक रक्षाबंधन को लेकर सुबह से देर शाम तक बाजारों में जबरदस्त चहल-पहल रही। शुक्रवार को मनाए जाने वाले पर्व को लेकर लोगों ने जमकर राखियों, मिठाइयों और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी की।
अनपरा बाजार, रेनुसागर बाजार, औड़ी मोड़, काशी मोड़ समेत नगर के प्रमुख बाजारों में रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों की दुकानें सजी रहीं। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बच्चों से लेकर महिलाओं और युवाओं तक अपनी पसंद की राखियां खरीदते नजर आए। वहीं, मिठाई की दुकानों पर भी दिनभर खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली।

सुरक्षा को लेकर अलर्ट रही अनपरा पुलिस

त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए अनपरा पुलिस भी पूरी तरह सतर्क नजर आई। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस टीम ने नगर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों ने बाजारों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने का संदेश दिया।
रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच पुलिस की सक्रियता से व्यापारियों और आम नागरिकों में भी सुरक्षा का भरोसा नजर आया। पुलिस टीम ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बनाए रखी।

बाजारों में त्योहार की दिखी रंगत

रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बाजारों में उमड़ी भीड़ ने त्योहार की रौनक को और बढ़ा दिया। राखियों और मिठाइयों की खरीदारी के साथ लोगों में पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। देर शाम तक बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही और पूरा नगर रक्षाबंधन के रंग में रंगा नजर आया।
भाई-बहन के प्रेम के इस पावन पर्व पर बाजारों की रौनक के साथ पुलिस की मुस्तैदी ने त्योहार के माहौल को और सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में अहम भूमिका निभाई।

ये भी पढ़िए