सोनभद्र। कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली अब डिजिटल, तेज और अधिक पारदर्शी हो गई है। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट में ई-ऑफिस प्रणाली को पूर्ण रूप से लागू कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत अब पत्रावलियों का संचालन डिजिटल माध्यम से किया जाएगा और एक क्लिक पर फाइल की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से वह स्वयं डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से ई-ऑफिस पर पत्रावलियों पर कार्यवाही कर रहे हैं। अब तक 200 से अधिक फाइलें ई-ऑफिस पर की जा चुकी हैं। इससे फाइलों की प्रभावी मॉनिटरिंग, समयबद्ध निस्तारण और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने में सुविधा होगी।
उन्होंने जनपद के सभी कार्यालयाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों से पत्रावलियों और शासकीय पत्रों का प्रेषण ई-ऑफिस के माध्यम से ही सुनिश्चित करने की अपील की है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री वागीश कुमार शुक्ला ने बताया कि कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों से ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों एवं पत्रों का प्रेषण शुरू हो चुका है। इससे फाइलों की ट्रैकिंग आसान होगी, कार्यों में तेजी आएगी तथा प्रशासनिक व्यवस्था अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।

