रक्षाबंधन पर खाद्य विभाग का बड़ा अभियान, 7 नमूने जांच के लिए भेजे

दुद्धी और ओबरा बाजार में मिठाइयों व मसालों की दुकानों पर छापेमारी, मिलावट के खिलाफ कार्रवाई से मचा हड़कंप

सोनभद्र,। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को विभागीय टीम ने दुद्धी और ओबरा बाजार में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक को भेजा जा रहा है।
दुद्धी बाजार में टीम ने उमंग स्वीट्स से छेना रसगुल्ला, भागश्री से मिल्क केक के दो नमूने, अलवेला स्वीट्स से कलाकंद तथा सोनल की दुकान से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया। वहीं ओबरा बाजार स्थित महक इंटरप्राइजेज से हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के नमूने संग्रहित किए गए।
विभाग के अधिकारियों के मुताबिक नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देने के साथ ही आम लोगों को भी मिलावटी खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन के मद्देनजर यह विशेष अभियान 21 से 27 अगस्त तक चलाया जा रहा है और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार यादव, बालेन्दु शेखर मंगलमूर्ति और कीर्ति आनन्द शामिल रहे।

ये भी पढ़िए