अलग रह रहे भाई-बहन ने साथ मनाया रक्षाबंधन, राखी बांधते समय छलक पड़े खुशी के आंसू
सोनभद्र। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के समक्ष भाई-बहन के स्नेह से जुड़ा एक भावुक प्रकरण सामने आया। पारिवारिक विवाद के चलते अलग-अलग रह रहे 9 वर्षीय आराध्या राजश्री और उसके 5 वर्षीय छोटे भाई सिद्धार्थ की रक्षाबंधन पर मिलने और राखी बांधने की इच्छा जिलाधिकारी की संवेदनशील पहल से पूरी हो गई।
बताया गया कि आराध्या राजश्री अपने पिता राजकुमार के साथ, जबकि उसका छोटा भाई सिद्धार्थ अपनी माता मीरा कुमारी के साथ रह रहा है। दोनों बच्चों के माता-पिता के बीच पारिवारिक विवाद का मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन है।
जनसुनवाई के दौरान आराध्या ने जिलाधिकारी के समक्ष अपने छोटे भाई सिद्धार्थ को राखी बांधने की इच्छा जताई। बालिका की भावनाओं को समझते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर दोनों बच्चों को रॉबर्ट्सगंज थाने बुलाया गया। यहां आराध्या ने अपने छोटे भाई सिद्धार्थ की कलाई पर राखी बांधी। भाई की कलाई पर राखी बांधते समय दोनों बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। इस भावुक पल में दोनों की आंखों से खुशी के आंसू भी छलक पड़े।
भाई-बहन के इस मिलन ने पारिवारिक विवाद के बीच रिश्तों की मासूमियत और आपसी स्नेह की खूबसूरत तस्वीर पेश की। दोनों बच्चों ने इस अवसर पर खुशी जाहिर करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के प्रति आभार व्यक्त किया।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिलाधिकारी की संवेदनशील पहल से दोनों भाई-बहन को एक-दूसरे के साथ कुछ भावुक और यादगार पल बिताने का अवसर मिला।

