ऑपरेशन शुद्धि में पिपरी पुलिस की बड़ी चोट, 60 लाख की शराब पकड़ी

डीसीएम में 464 पेटियों में भरी थी 13,296 शीशियां, 4,077 लीटर से अधिक अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

सोनभद्र,। ऑपरेशन शुद्धि के तहत अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पिपरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुर्धवा-रनटोला मार्ग पर कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार कर डीसीएम ट्रक से 464 पेटियों में कुल 13,296 शीशी यानी 4,077.36 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपये, जबकि डीसीएम ट्रक की कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है। पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर को पिपरी पुलिस टीम हाईटेक रेलवे क्रासिंग, मुर्धवा चर्च के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक डीसीएम में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लादकर बिहार/झारखंड की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुर्धवा तिराहा से रनटोला की ओर मोड़ के पास वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच मुर्धवा की ओर से आ रहे डीसीएम आइसर ट्रक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ाने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस टीम ने पीछा कर करीब 200 मीटर आगे ट्रक को रोक लिया। चालक की पहचान करन सिंह पुत्र सुरेश कुमार, उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी देव नगर, थाना भिवानी, जनपद भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई।

पंजाब में बिक्री के लिए थी शराब

ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार शराब की बोतलों पर “FOR SALE PUNJAB ONLY” अंकित था। चालक शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात या बिल्टी प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने मौके से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए।

व्हाट्सऐप कॉल से मिल रही थी लोकेशन

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि हरियाणा में एक व्यक्ति ने उसे डीसीएम लेकर जाने को कहा था और शुरुआत में ट्रक में जलजीरा कोल्ड ड्रिंक लदी होने की बात बताई गई थी। बाद में उसे शराब बिहार पहुंचाने की जानकारी दी गई। आरोपी के अनुसार उसे एक मोबाइल दिया गया था, जिसमें ‘सेठ जी’ के नाम से नंबर सेव था और रास्ते में व्हाट्सऐप कॉल के जरिए आगे की लोकेशन बताई जा रही थी। पुलिस शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और पूछताछ में सामने आए अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पिपरी पुलिस ने डीसीएम ट्रक संख्या GJ27TD6174 को कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0-165/2026 में धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम एवं धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पिपरी राजेश जी चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।

ये भी पढ़िए