खुशियों के साथ निकले थे पिकनिक, लौटते समय मौत ने रोका रास्ता

धंधरौल बांध की सैर से लौट रहे थे दो युवक, सजौर के पास खड़ी बाइक से टकराई मोटरसाइकिल

करमा/सोनभद्र। पिकनिक मनाकर घर लौट रहे दो युवकों की बाइक बुधवार शाम राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सजौर के समीप सड़क किनारे खड़ी बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार करमा थाना क्षेत्र के बारी महेवा गांव निवासी किशन मौर्य (25) पुत्र सुभाष मौर्य उर्फ मुन्ना और राजेश चौहान (23) पुत्र नंदू चौहान बुधवार को पिकनिक मनाने निकले थे। दोनों पहले डोगिया बांध गए और इसके बाद धंधरौल बांध पहुंचे।

बताया जा रहा है कि शाम करीब सात बजे दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सजौर के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी एक अन्य बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान किशन मौर्य ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राजेश चौहान को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही किशन के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़िए